CWC बैठक से पहले दिग्विजय सिंह के बयान पर बवाल, BJP विधायक पन्नालाल शाक्य का बड़ा दावा

दिल्ली में कांग्रेस की CWC बैठक से पहले दिग्विजय सिंह के RSS-BJP पर दिए बयान से सियासत गरमा गई है। BJP विधायक पन्नालाल शाक्य ने दिग्विजय सिंह को लेकर बड़ा आरोप लगाया है।

Dec 30, 2025 - 20:14
 0  1
CWC बैठक से पहले दिग्विजय सिंह के बयान पर बवाल, BJP विधायक पन्नालाल शाक्य का बड़ा दावा

दिल्ली में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के एक बयान ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। दिग्विजय सिंह द्वारा RSS और BJP में अनुशासन की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा किए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है।

इस पूरे मामले को लेकर गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह अब BJP में जाने का रास्ता तलाश रहे हैं, इसी वजह से वे RSS और BJP की विचारधारा से प्रभावित नजर आ रहे हैं।

पन्नालाल शाक्य ने कहा,
“दिग्विजय सिंह किन लोगों के संपर्क में हैं, यह तो ऊपरवाले यानी कांग्रेस हाईकमान ही जानते होंगे। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं, इसलिए इस पर ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है।”

मंदिर माफी और चरनोई जमीन को लेकर घेरा

भाजपा विधायक ने दिग्विजय सिंह के मंदिर माफी की जमीन पर रोक संबंधी बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश में जमीनों की जमकर बंदरबांट हुई थी।
शाक्य ने सवाल उठाया कि पहले यह पता लगाया जाए कि मंदिर माफी की जमीन वास्तव में बची कितनी है। उनका आरोप है कि दिग्विजय सिंह अब सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए इस मुद्दे को उठा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि अगर दिग्विजय सिंह को मंदिरों की जमीन की इतनी चिंता है, तो वे चरनोई (गौचर) भूमि के बारे में चुप क्यों हैं।

“गाय वोट देती होती तो जमीन बच जाती”

पन्नालाल शाक्य ने कहा कि गायों के लिए आरक्षित चरनोई जमीनों पर आज माफियाओं का कब्जा है। उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि
अंग्रेजी शासन में मंदिरों के रखरखाव के लिए जमीन दी गई थी, जबकि मुगल काल में मवेशियों के लिए चरनोई भूमि तय की गई थी।
लेकिन दिग्विजय सिंह के शासनकाल में लगभग सभी सरकारी जमीनें बांट दी गईं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा,
“अब गाय कहां खड़ी होंगी? अगर गाय वोट देती होती तो शायद उनकी जमीन बच जाती, लेकिन गाय मूक है, बोल नहीं सकती।”

बयानबाज़ी को लेकर पहले भी चर्चा में रहे शाक्य

गौरतलब है कि भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक मंच से गुना कलेक्टर को लेकर भी टिप्पणी की थी और आरोप लगाया था कि कलेक्टर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की छवि खराब करना चाहते हैं।
इसके अलावा, एक अन्य बयान में उन्होंने लोकसभा सीट पर बैठने की इच्छा भी जाहिर की थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0