ICC ने पाकिस्तान को दिया झटका, बांग्लादेश को राहत | India-Pak T20 World Cup 2026 विवाद
ICC ने भारत-पाकिस्तान मैच विवाद में पाकिस्तान की मांगें खारिज कीं, जबकि बांग्लादेश को रेवेन्यू में पूरा हिस्सा देने का फैसला किया. जानें पूरा मामला.
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर जारी खींचतान के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश और पाकिस्तान की मांगों पर अपना अंतिम रुख साफ कर दिया है. पाकिस्तान को जहां बड़ा झटका लगा है, वहीं बांग्लादेश को राहत मिली है.
आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश को मौजूदा घटनाक्रम के लिए किसी भी तरह की आर्थिक या प्रशासनिक सजा नहीं दी जाएगी. भले ही बांग्लादेश मौजूदा टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है, लेकिन उसे आईसीसी की वार्षिक राजस्व हिस्सेदारी पूरी तरह मिलती रहेगी.
बांग्लादेश को भविष्य में मेजबानी का मौका
सूत्रों के अनुसार, आईसीसी ने यह भी माना कि पिछले साल देश में अशांति के कारण महिला टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी बांग्लादेश से छीनकर यूएई में शिफ्ट करनी पड़ी थी. इसी नुकसान की भरपाई के तौर पर आईसीसी अगले चक्र में बांग्लादेश को किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी देने पर विचार कर रहा है. संभावना है कि उसे अंडर-19 वर्ल्ड कप जैसे महत्वपूर्ण आईसीसी इवेंट की जिम्मेदारी दी जा सकती है.
पाकिस्तान की मांगें खारिज
बैठक में पाकिस्तान और बांग्लादेश ने आईसीसी से मांग की थी कि वह भारत को पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए निर्देश दे. लेकिन आईसीसी ने इसे सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि द्विपक्षीय क्रिकेट उसके दायरे में नहीं आता.
इसके अलावा भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश त्रिकोणीय सीरीज का प्रस्ताव भी रखा गया था, जिसे इसी आधार पर ठुकरा दिया गया.
भारत के बांग्लादेश दौरे पर भी फैसला नहीं
यह भी प्रस्ताव आया कि भारत इस साल बांग्लादेश का दौरा करे, लेकिन आईसीसी ने साफ कर दिया कि किसी देश को दौरे के लिए बाध्य करना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं है. यह पूरी तरह संबंधित बोर्ड और सरकारों का निर्णय होगा.
पाकिस्तान को ICC का अल्टीमेटम
लाहौर में हुई बैठक के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच पर तुरंत फैसला नहीं लिया. पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने कहा कि वह इस मामले पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से सलाह लेंगे.
इसके बाद आईसीसी ने पाकिस्तान को अंतिम निर्णय के लिए एक दिन का समय दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मुद्दे पर आधिकारिक घोषणा आज शाम या बुधवार सुबह तक हो सकती है.
आईसीसी की सबसे बड़ी चिंता भारत-पाकिस्तान मैच से होने वाली भारी कमाई है, जिसे विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा रेवेन्यू मैच माना जाता है. अगर यह मुकाबला रद्द होता है, तो इसका असर सभी सदस्य देशों की आय पर पड़ेगा. इसी वजह से आईसीसी टूर्नामेंट की स्थिरता बनाए रखने की कोशिश कर रहा है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

