Trump Warning to Colombia President: पेट्रो पर कोकीन तस्करी का आरोप, लैटिन अमेरिका में बढ़ा तनाव

वेनेजुएला पर अमेरिकी एयरस्ट्राइक के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो पर कोकीन तस्करी का आरोप लगाया। ट्रंप के बयान से लैटिन अमेरिका में तनाव और बढ़ गया।

Jan 4, 2026 - 18:33
 0  1
Trump Warning to Colombia President: पेट्रो पर कोकीन तस्करी का आरोप, लैटिन अमेरिका में बढ़ा तनाव

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के ठीक अगले दिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो को खुली चेतावनी दी है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने आरोप लगाया कि पेट्रो कोकीन का उत्पादन कर उसे अमेरिका भेज रहे हैं और इसलिए उन्हें सतर्क रहने की जरूरत है।

गौरतलब है कि अमेरिका ने हाल ही में वेनेजुएला पर एयरस्ट्राइक करते हुए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर लिया है। मादुरो को न्यूयॉर्क की जेल में रखा गया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे लैटिन अमेरिका में तनाव का माहौल बन गया है और कई देशों ने अमेरिका की इस सैन्य कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है।

इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो पर निशाना साधते हुए कहा,
“वह कोकीन बना रहे हैं और उसे संयुक्त राज्य अमेरिका भेज रहे हैं, इसलिए उन्हें सावधान रहना होगा।”

हालांकि पेट्रो ने मादुरो का नाम लिए बिना अमेरिका की कार्रवाई को लैटिन अमेरिका की संप्रभुता पर हमला बताया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि इस तरह के कदम से क्षेत्र में मानवीय संकट पैदा हो सकता है।

क्या कोलंबिया में भी सैन्य कार्रवाई करेगा अमेरिका?

गुस्तावो पेट्रो पहले भी कैरिबियन क्षेत्र में कथित ड्रग तस्करी से जुड़े जहाजों के खिलाफ अमेरिका की सैन्य तैनाती के मुखर विरोधी रहे हैं। हाल ही में ट्रंप ने संकेत दिया था कि ड्रग्स के खिलाफ अपनी रणनीति के तहत अमेरिका कोलंबिया में मादक पदार्थ बनाने वाली लैब्स पर हमले से इनकार नहीं करेगा। इस बयान को पेट्रो ने सीधे तौर पर सैन्य आक्रमण की धमकी बताया था।

वेनेजुएला का शासन कौन संभालेगा?

मादुरो और उनकी पत्नी को काराकास से बाहर ले जाने के कुछ घंटों बाद ट्रंप ने कहा कि अमेरिका फिलहाल वेनेजुएला का अस्थायी प्रशासन संभालेगा। उन्होंने कहा,
“हम तब तक शासन संभालेंगे, जब तक वहां सुरक्षित, उचित और विवेकपूर्ण सत्ता हस्तांतरण नहीं हो जाता।”
ट्रंप ने यह भी चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका और भी बड़ा सैन्य हमला कर सकता है।

पश्चिमी गोलार्ध में अमेरिकी दबदबा

लैटिन अमेरिका में अमेरिका की भूमिका पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि अब पश्चिमी गोलार्ध में अमेरिकी प्रभुत्व पर कोई सवाल नहीं उठेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा और अच्छे पड़ोसियों के साथ रहना चाहता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि वेनेजुएला में ऊर्जा संसाधन बेहद अहम हैं और उनकी सुरक्षा अमेरिका के लिए जरूरी है।

मारिया कोरिना मचाडो पर ट्रंप का बयान

ट्रंप ने वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह देश को “फिर से महान” बनाने की पूरी कोशिश करेंगी। वहीं विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो को लेकर उन्होंने कहा कि उनके पास देश के भीतर पर्याप्त समर्थन और सम्मान नहीं है, जिससे उनके लिए नेतृत्व करना मुश्किल हो सकता है।

वेनेजुएला में अरबों डॉलर निवेश करेगा अमेरिका

वेनेजुएला के भविष्य को लेकर ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी तेल कंपनियां वहां जाएंगी और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त तेल अवसंरचना की मरम्मत के लिए अरबों डॉलर का निवेश करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेनेजुएला के तेल पर सभी प्रतिबंध पूरी तरह लागू रहेंगे और अमेरिकी नौसेना पूरी तरह अलर्ट पर है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका तब तक सभी सैन्य विकल्प खुले रखेगा, जब तक उसकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।

मेक्सिको और क्यूबा को भी संदेश

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया कि क्यूबा भी ट्रंप प्रशासन के अगले निशाने पर हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर वह हवाना में होते, तो निश्चित रूप से चिंतित रहते।

मेक्सिको को लेकर ट्रंप ने कहा कि वहां कोई ठोस कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम को एक अच्छी महिला बताते हुए कहा कि देश पर असल नियंत्रण कार्टेल का है। ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने कई बार शाइनबाम से पूछा कि क्या अमेरिका कार्टेल को खत्म करे, लेकिन हर बार उन्हें इनकार मिला।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0