ओखला के अली गांव में 300 घर सील, पुनर्वास की मांग पर उतरे जावेद मलिक
दिल्ली के ओखला विधानसभा क्षेत्र के अली गांव में यूपी सिंचाई विभाग की जमीन पर अतिक्रमण को लेकर 300 घर सील किए गए। ग्रेप-4 प्रतिबंधों के कारण बुलडोजर कार्रवाई टली, प्रभावित लोगों ने पहले पुनर्वास की मांग उठाई।
दिल्ली के ओखला विधानसभा क्षेत्र स्थित अली गांव में अतिक्रमण को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। यूपी सिंचाई विभाग की जमीन पर बने मकानों को लेकर विभाग की टीम ने करीब 300 घरों को सील कर दिया है। दिल्ली में ग्रेप-4 प्रतिबंध लागू होने के कारण बुलडोजर से तोड़फोड़ की कार्रवाई फिलहाल टाल दी गई है, हालांकि प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, 15 दिसंबर को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन प्रदूषण के चलते लागू सख्त पाबंदियों के कारण बुलडोजर नहीं चलाया जा सका। इसके बावजूद विभाग ने इलाके में पहुंचकर अवैध बताए जा रहे मकानों को सील कर दिया, जिससे सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं।
इस मुद्दे पर प्रभावित लोगों से मिलने रविवार को कांग्रेस के युवा नेता जावेद मलिक अपने समर्थकों के साथ अली गांव पहुंचे। उन्होंने परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें समर्थन देने का भरोसा दिलाया। जावेद मलिक ने कहा कि वह लोगों के साथ खड़े हैं और यदि तोड़फोड़ की कार्रवाई होती है तो वे बुलडोजर के सामने खड़े होकर विरोध करेंगे। उनकी मांग है कि सरकार पहले प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए, उसके बाद ही किसी तरह की कार्रवाई करे।
उन्होंने यह भी कहा कि अली गांव में लोग वर्षों से, बल्कि पीढ़ियों से रह रहे हैं। यहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग लंबे समय से मिल-जुलकर रहते आए हैं। ऐसे में सरकार को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पहले पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
स्थानीय निवासियों ने भी अपनी परेशानी जाहिर की। उनका कहना है कि वे लंबे समय से इसी इलाके में रह रहे हैं और अचानक घर सील होने से उनके सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ठंड के मौसम में कई परिवार टेंट में रहने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि अब उनके पास कोई ठिकाना नहीं बचा है और उनकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं है।
अली गांव में चल रही इस कार्रवाई के चलते इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रभावित लोग लगातार यह मांग कर रहे हैं कि जब तक उन्हें वैकल्पिक घर या फ्लैट नहीं दिया जाता, तब तक किसी भी तरह की तोड़फोड़ की कार्रवाई रोकी जाए
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

